बुधवार, 8 अगस्त 2012

हाईकू - 20


बादल आया
संग बारिश लाया
मन हरसे |

रंगीन पंख
लगा उड़े चेतना
मुक्त नभ में |

ये कैसा  देश
कहाँ पहुँची मैं 
मन हैरान !

इन्द्रधनुष
ने छटा बिखेरी है
मैं मंत्रमुग्ध |

हाईकू - 19





      प्रेम              



प्रेम है इत्र
छिडकें खुद पर
सम्भ्रांत लोग |

मान ले प्रेम
को धूरी जीवन की
सुखी होगा तू |

सुखद छाँव
तपते जीवन की 
प्रेम ही है |

प्रेम कुछ है
सब कुछ तो नही
न भूल कर्म |

जीवन संध्या


ज्यों ज्यों शाम गहराने लगती है
लोगों को एक एक कर मिलने आते देख
मन कोने में दुबक जाता है
और बुद्धि सजग हो जाती है |
वे अतिथि ले जाते हैं
चेतना को अतीत में
और घर के सामने के वृक्ष
लुप्त होने लगते हैं |
..........
..........
सड़क पर
आने जाने वाली गाडियां
घड़ी बन
दिखाने लगती हैं समय |
मेहमान पल भर में
गायब होने लगते हैं एक एक कर
चलना चाहिए घर के अंदर
बुद्धि कह उठती है |
अंदर जाते ही
कमरे में रेडियो चहक उठता है
और मन को  साथ गुनगुनाते देख
चारों ओर गुनगुनी धूप फ़ैल जाती है रात में |

लड़की का आसमान


सबेरे हाफ पैंट टी शर्ट में
सेहत बनाती लड़कियां
सच में जीती हैं जिंदगी
और उनके अंदर की आग
देती है उन्हें आत्मनिर्भरता |
कल्पना चावला बन
जिंदगी की
उंचाईयों को छू
हर संकीर्णता को
पांव तले रौंदने का सत्साहस |
आखिर वे भी तो
बेटियां हैं न
वे हवा  की खुशबू
सूंघ सकती हैं
तो हमारी बेटी क्यों नहीं ?
हमने बेटी को
मात्र दान की वस्तु बना
उसके हिस्से का आसमान
बेटे को सौंप रक्खा है
आखिर क्यों ?
क्या हमारी यह अकर्मण्यता नहीं
जो जेवरों से लाद हमने उसे
सुरक्षित रखा है
घर की चाहरदीवारी में ?
आखिर क्यूँ है
हमारी यह प्रवृति
रोबोट बना उसे
उसके वजूद को
नकारने की चाल तो नहीं ?
मातृत्व के नाम पर
घर में बांधना क्यूँ
मैं यह सोंचू आज
क्या मुक्केबाज मेरी कॉम
माँ नहीं ?
..........
छोटा सा प्रश्न
आप से
अपनी बेटी का आसमान
बांध
सागर में
तो नहीं डाल दिया ?

शनिवार, 28 जुलाई 2012

माँ बेटी


माँ का चला
फावड़ा जमीं पर
मर्द घुसे घर में
घर से झांकने लगे 
बेटी ने
वांछित पेड़ का
चारा लगाया
पानी दिया
अपने काम में
लग गयी
माँ बेटी |

शुक्रवार, 27 जुलाई 2012

याद


मुझे तुम याद आते हो
तो तुम्हारी पृष्ठभूमि में
खड़ी कार , मकान भी कौंध जाता है
भला ऐसा क्यों ?
शायद यही है
पुरुष सत्तात्मक मानसिकता की देन
कोई मुझे याद करता होगा
तो उसे क्या याद होगा ?
शायद सुन्दर सा एक ऐसा शरीर
जिसे अपने घर में
रख पाला जा सके
काम में लाया जा सके |

गुरुवार, 26 जुलाई 2012

खाली मकान


वह बड़ी हसरत से
इस कालोनी के मकानों को देखता है ....
कितने बड़े बड़े मकान
खाली पड़े हैं
सब में पीछे तरफ
एक परिवार रहता है
फ्री बिजली पानी
बस ख्याल रखना है मकान  का
काश उसे भी ऐसा ही घर मिल जाय
उसका भी
घर बस जाय
वर्षों पुरानी हसरत
उसकी
जो कभी न कभी तो पूरी होगी
इस विश्वास के साथ
गुजरता है वो इस कालोनी से
हर रोज |